छेड़छाड़ व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
भोपा। युवती से सरेराह छेड़छाड़ व मारपीट के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के गांव निवासी ने बताया कि उसकी भतीजी कुछ दिन पूर्व घर से ताऊ के यहां जा रही थी। आरोप है कि रास्ते मे खड़े पड़ोसी अनुज व अजय ने उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती का शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने फोन कर साथियों सुरेंद्र, रविंद्र व संदीप को बुला लिया। इसके बाद हमलावरों ने युवती व उसके परिजनों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और धमकी देकर फरार हो गए। आरोप है कि तहरीर देने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिस पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दबंगों ने गिराई मजदूर के घर की दीवार
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी सीताराम ने तहरीर देकर बताया कि वह गांव में स्थित अपनी जमीन पर मकान बना रहा है। आरोप है कि गांव के ही दबंग ने उक्त जगह को चकरोड बताकर मकान बनाने का विरोध किया, जिस पर एसडीएम के आदेश पर तहसील कर्मियों ने उक्त जगह की पैमाइश कर जगह को सीताराम की ही बताया। इसके बाद पीड़ित ने फिर से मकान का निर्माण शुरू कर दिया। आरोप है कि मंगलवार देर रात दबंग ने उसके निर्माणाधीन मकान की दीवार तोड़ दी। विरोध करने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।