खतौली। साइड न देने को लेकर बाइक सवार युवकों ने गाड़ी के चालक के साथ मारपीट कर दी। हंगामा होने पर चालक ने तमंचे से फायर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आवास विकास कालोनी में टाटा मैजिक गाड़ी चालक किरणपाल किराए के मकान में रहता है। किरणपाल किराए पर गाड़ी चलाता है। बृहस्पतिवार शाम आलू मिल निवासी वसीम और नदीम बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए जीटी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। रास्ते में किरणपाल अपनी टाटा मैजिक गाड़ी लेकर जा रहा था। आरोप है कि किरणपाल ने बाइक सवारों को साइड नहीं दी। रास्ते में बाइक सवारों की किरणपाल के साथ गाली गलौच भी हुई। आवास विकास कालोनी में मुड़ने पर बाइक सवार युवकों ने किरणपाल को गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट कर दी। गाड़ी में किरणपाल के दो रिश्तेदार भी थे।
विरोध करने पर बाइक सवारों ने रिश्तेदारों के साथ भी अभद्रता कर दी और फोन करके अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। युवकों ने टाटा मैजिक के शीशे तोड़ दिए। चालक किरणपाल ने गाड़ी से तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। जिससे अफरातफरी मच गई। मारपीट में किरणपाल और दूसरे पक्ष से वसीम घायल हो गया था। गोली चलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले को लेकर कार्रवाई करने में जुटी है।