मुजफ्फरनगर। चोरों ने पुलिस लाइन में रह रहे एसआई के सरकारी आवास के ताले तोड़कर लाखों की नकदी और गहने चोरी कर लिए। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मंसूरपुर थाने पर तैनात एसआई सुनील नागर ने बताया कि आरआई कंपाउंड में उसका सरकारी क्वार्टर है। परिजन बाहर गए हुए थे और वह मंसूरपुर में था। इसी का फायदा उठा कर चोरों ने मकान पर लगे ताले तोड़कर कमरे में रखी अलमारी को तोड़ कर एक लाख 25 हजार रुपये और सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शाम को एसआई आया तो कमरे के ताले टूटे मिले। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया, मगर कोई क्लू हाथ नहीं लगा। सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लाखों की धोखाधड़ी, केस दर्ज
मुजफ्फरनगर। एक दवा कंपनी के डायरेक्टर ने छह लोगों पर चेक के जरिये करीब 30 लाख रुपये की जालसाजी करने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के मंगलौर स्थित एक दवा कंपनी के डायरेक्टर विवेक अरोरा ने अदालत के आदेश पर सिविल लाइन थाने पर दर्ज हुई रिपोर्ट में अरविंद कपूर आदि छह लोगों पर चेक के माध्यम से धोखाधड़ी व जालसाजी कर करीब 30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कालेज के फारमैन ने छात्र से की अभद्रता
मुजफ्फरनगर। राजकीय आईटीआई में प्रेक्टिकल देने के लिए आए छात्र के साथ कालेज के फारमैन ने अभद्रता की। छात्रों ने सिविल लाइन थाने में तहरीर देकर आरोपी फारमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बसेड़ा निवासी कुंवर प्रशांत ने साथियों के साथ सिविल लाइन थाने पर तहरीर दी। वह सोमवार को राजकीय आईटीआई में प्रेक्टिकल देने के लिए गया था। आरोप है कि कालेज के फारमैन ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। उसने डायल 100 को सूचना दी, जिस पर पुलिसकर्मियों ने कालेज के स्टाफ के दबाव में आकर उल्टे उसी से माफी मांगने के लिए कहा तथा कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।