मुजफ्फरनगर। किराए पर कार चलाने को लेकर गया चालक उसे बेचकर फरार हो गया। कार मालिक को चोरी होने की जानकारी दी गई। शक होने पर चालक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उसे पकड़ कर सख्ती से पूछताछ की तो सारा मामला खुल गया। आरोपी चालक ने कार को मेरठ में एक व्यापारी को बेच दिया।
पुलिस के मुताबिक बकरा मार्केट निवासी आसिफ की कार को 13 माह पहले चालक गुलशेर निवासी सुभाष नगर लेकर गया था। चालक की जिम्मेदारी पर कार छोड़कर आसिफ सऊदी अरब चला गया। अब लौटा तो कार के बारे में जानकारी जुटाई। चालक ने कार को चोरी होना बताया, लेकिन उसकी सही तरह से जानकारी नहीं दे सका। इस पर आसिफ को शक हुआ तो उसने जांच शुरू की। चालक गुलशेर के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने आरोपी चालक गुलशेर को पकड़ लिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि कार को मेरठ में एक लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया है। इस पर पुलिस उसे साथ लेकर कार को बरामद करने में लगी है। सोमवार को पुलिस चालक को गुलशेर को साथ लेकर मेरठ पहुंची है।