उत्तराखंड में लापता महिला मिली
पुरकाजी। कस्बे के मौहल्ला दक्षिणी चमारान निवासी कपिल की पत्नी शुक्रवार सवेरे अपने परिजनों को बिना बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगने पर उसके पति ने थाने पर तहरीर देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज करने की गुहार लगाई थी। शनिवार को विवाहिता की उत्तराखंड की रुड़की कोतवाली में जानकारी मिलने पर उसके परिजन कोतवाली पहुंचे। पुलिस से विवाहिता को अपने सुपुर्द करने की मांग की। मगर पुलिस ने बिना पुरकाजी पुलिस के विवाहिता को उन्हें सौंपने से इंकार कर दिया। इस पर परिजन पुरकाजी थाने पहुंचे। पुलिस ने उसे थाने लाने से इंकार कर दिया। इस संबंध में पुरकाजी पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद है।
शहर कोतवाली पुलिस की दबिश
पुरकाजी। मुजफ्फरनगर से फरार एक प्रेमी युगल की तलाश में शनिवार को शहर कोतवाली पुलिस ने पुरकाजी पुलिस के साथ कस्बे के मोहल्ला कस्सावान में दबिश दी, मगर वहां पर प्रेमी युगल के नहीं मिलने पर पुलिस बैरंग लौट गई। पुलिस ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र से कुछ दिन पूर्व एक प्रेमी युगल फरार हो गया था, जिसकी पुरकाजी में रिश्तेदारी है। उसकी तलाश में दबिश दी गई थी, मगर वहां पर प्रेमी युगल के नहीं मिलने पर पुलिस वापस लौट गई।
विवाहिता को सुपुर्द किया
पुरकाजी। आठ दिन पूर्व ससुराल से मायके जाते वक्त गायब हुई विवाहिता को पुलिस ने बरामद कर उसके पिता को सौंप दिया है। इसके अलावा पुलिस ने एक युवती को बरामद कर उसके प्रेमी और दूसरी को उसके परिजनों को सौंप दिया है।
नौ फरवरी को थाना क्षेत्र के ग्राम गोधना से एक विवाहिता उत्तराखंड के ग्राम बुक्कनपुर अपने मायके जाने के लिए गई थी, लेकिन रास्ते में ही लापता हो गई थी। उसके परिजनों ने 14 फरवरी को पुरकाजी थाने पहुंचकर उसके पति और जेठ के विरुद्ध उसके अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शुक्रवार को रुड़की से बरामद कर एक युवक को भी हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने विवाहिता के न्यायालय में बयान दर्ज कराकर शनिवार को उसे उसके पिता के सुपुर्द कर हिरासत में लिए गए युवक को थाने से ही रिहा कर दिया है। इसके अलावा एक माह पूर्व थाना क्षेत्र के ग्राम से अपने प्रेमी के साथ फरार हुई प्रेमिका को बरामद कर न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसके प्रेमी और दो सप्ताह पूर्व ग्राम गायब हुई युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया है।