खतौली पुलिस ने मुठभेड़ में पशु व्यापारियों से लाखों रुपये की लूट करने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से हथियारों सहित एक अपाची बाइक बरामद की है।
रविवार को सीओ शिवराज सिंह ने बताया कि बुढ़ाना रोड आलू मिल निवासी पशु व्यापारी नवाब और उसके भाई शहजाद पुत्रगण हाजी अनीश से 20 जून की सुबह दौराला क्षेत्र में सरधना रोड पर आधा दर्जन बदमाशों ने तीन लाख 3200 रुपये लूट लिए थे।
इंस्पेक्टर पंकज कुमार त्यागी ने एसआई समयपाल सिंह अत्री, जितेंद्र कुमार, मुकेश, करन नागर, मीर हसन, कांस्टेबल जगदीश पुनिया, रविंद्र, परवेंद्र, अजीत सिंह के साथ शनिवार रात बुढ़ाना रोड अंडरपास के पास से मुठभेड़ के दौरान नगर के मोहल्ला ढाकन चौक निवासी इरशाद उर्फ बादशाह पुत्र मुश्तकीम, मोहल्ला सराफान निवासी मोहम्मद रिजवान पुत्र गुड्डू, बुढ़ाना रोड आलू मिल निवासी मुन्ना उर्फ नौशाद पुत्र हाजी अनीस और मंसूरपुर के पैठ बाजार निवासी साजिद कुरैशी पुत्र इस्माइल कुरैशी को गिरफ्तार किया।
जबकि मोहल्ला इस्लामनगर निवासी वकील पुत्र हाजी नसीर और मोहल्ला जैननगर निवासी शारिक पुत्र इरशाद फरार हो गए। पुलिस ने इनके कब्जे से कारतूस सहित एक पिस्टल, मसकट, तमंचा, एक लोहे की रॉड और एक अपाची बाइक बरामद की है। इन चारों बदमाशों ने व्यापारियों से लूट की घटना को स्वीकार किया है। पुलिस ने चारों बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
सगे भाई ने ही लुटवा दिए व्यापारी
बदमाश मुन्ना उर्फ नौशाद पशु व्यापारियों नवाब और शहजाद का सगा भाई है। इंस्पेक्टर पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि भाई मुन्ना ने फरार बदमाश वकील के साथ मिलकर अपने व्यापारी भाइयों को लूटने की योजना बनाई थी। वकील ने बाकी बदमाशों से संपर्क किया। 20 जून की सुबह व्यापारी भाइयों के घर से निकलते ही मुन्ना ने इसकी खबर वकील को दी थी। सभी बदमाश तीन बाइकों पर बैठकर खतौली से ही पशु व्यापारियों की बाइक के पीछे लगे थे।