ग्रामीण के घर में लाखों रुपये की चोरी
चरथावल। नगलां राई में ग्रामीण के घर में सीढ़ी लगाकर चोरों ने नकदी समेत लाखों रुपये के सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
नगलां राई गांव में थानाभवन मुख्यमार्ग स्थित अनीस पुत्र बशीर का मकान है। मंगलवार देर रात चोर ने सीढ़ी लगाकर मकान में घुस गए। परिजन एक कमरे में सोए हुए थे, जबकि उसके बराबर के कमरे में चोरों ने पूरे सामान को खंगाला। मौके से 40 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख के जेवरात साफ कर दिए। बुधवार सुबह की नमाज के वक्त परिजन उठे, तो उन्होंने दूसरे कमरे में तमाम सामान बिखरा पड़ा देखा, जिससे आसपास के सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। खबर लगने पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। बताया गया कि अनीस ने के लड़के की शादी 15 दिन बाद होनी तय है। इसलिए उन्होंने घर पर सामान एकत्र कर रखा था।