प्रवक्ता पति को नशे में जहर देने का आरोप
मुजफ्फरनगर। एक शिक्षिका ने अपने देवर पर प्रवक्ता पति को नशे में जहर देकर मानसिक रूप से बीमार बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने विरोध किए जाने पर देवर-देवरानी व सास पर मारपीट कर घर से निकालने का भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी बबीता शर्मा ने बताया कि वह सरकुलर रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है, जबकि उसके पति नीरज शर्मा मीरापुर के एक कॉलेज में प्रवक्ता हैं। आरोप है कि देवर ने साजिश के तहत नीरज को भी शराब का आदी बना दिया, जिसके बाद वह उसे नशे में धीमा जहर देने लगा। इसके असर से नीरज शर्मा की हालत बिगड़ने लगी और वह शारीरिक व मानसिक रूप से बीमार रहने लगा। इसी कारण उसकी कॉलेज प्रवक्ता की नौकरी भी चली गई। पीड़िता का आरोप है कि उसने देवर नंदकिशोर से इसका विरोध किया। आरोप है कि शुक्रवार रात आरोपी देवर, उसकी पत्नी व सास ने शिक्षिका को एक कमरे में बंद कर बुरी तरह से मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने शिक्षिका को जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। रात में ही पीड़िता ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने जिला अस्पताल में शिक्षिका का मेडिकल कराते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।