विवाहिता की हत्या करने का प्रयास
मुजफ्फरनगर। सरकुलर रोड पर एक महिला को ससुराल वालों ने मारपीट कर जबरन जहर खिला दिया। आरोप है कि उसे जिंदा जलाने का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों के आने पर आरोपी फरार हो गई। पीड़िता मुकदमे की तारीख पर आई थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाभवन के जलालाबाद की विवाहिता का ससुराल वालों से विवाद चल रहा है। विवाहिता मंगलवार को मुजफ्फरनगर अपने मुकदमे की तारीख पर आई थी। आरोप है कि जब वह लौट रही थी, तो ससुराल वालों ने सरकुलर रोड पर गन्ना शोध केन्द्र के पास उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की नीयत से उसे जबरन जहर खिला दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उस पर केरोसिन डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर कुछ लोग वहां आए तो आरोपी फरार हो गए। बाद में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपहृत युवती बरामद
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने खालापार से अपहृत युवती को बस स्टैंड से बरामद किया है। युवती के पिता ने पड़ौस की एक महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस युवती के अदालत में बयान कराने व मैडिकल कराने की तैयारी कर रही है।
संदिग्ध हालात में युवती लापता
मुजफ्फरनगर। एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है। नईमंडी कोतवाली पर शेरनगर के प्रवीण ने बताया कि उसकी बहन सोमवार सुबह घर से निकली थी, लेकिन लौटकर नहीं आई। तलाशने पर उसका सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
युवक झुलसा
मुजफ्फरनगर। भोपा के गांव रसूलपुर निवासी विक्की को संदिग्ध हालातों में गंभीर रूप से झुलसने पर जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रैफर कर दिया गया।
वृद्धा की मौत
मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाई गई बरुकी गांव की वृद्ध महिला की मौत हो गयी। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर शव साथ ले गए।