शाहगंज। क्षेत्र के बङ़ौना गांव के समीप मंगलवार को दोपहर शाहगंज डिपो की बस अनियंत्रित होकर सङ़क किनारे खाई में पलट गई। चालक परिचालक समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के वक्त बस में कुल 15 लोग सवार थे।
शाहगंज डिपो की बस लखनऊ से शाहगंज की ओर आ रही थी। दोपहर करीब एक बजे बस बङौना गांव के समीप पहुंची थी तभी सड़क पर बने गड्ढों में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों ने बस में सवार यात्रियों को किसी तरह से बाहर निकाला। चालक अखिलेश यादव (45) निवासी खुरचन्ना थाना पवई आजमगढ़, परिचालक देवतादीन दुबे (52) नविासी निवासी भरौली थाना राजेसुल्तानपुर जनपद अम्बेडकरनगर के अलावा यात्री रमेश शुक्ला (42), बाबूराम चौरसिया (52), निवासी डीह अशरफाबाद थाना सरपतहां घायल हो गये। अन्य यात्रियों को हलकी चोटें आईं थी। गम्भीर रुप से घायलों को उपचार के लिए राजकीय पुरुष चिकित्सालय लाया गया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस, डायल100, एम्बुलेंस व रोडवेज के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शाहगंज रोडवेज के एआरएम ललित श्रीवास्तव ने बताया घटना खराब सङक के कारण हुई है। गड्ढा बचाने में बस अनियंत्रित होकर पलटी है।