टिकट के लिए माया पैलेस में हुआ हंगामा
मुजफ्फरनगर। माया पैलेस में टाईगर जिंदा है, फिल्म देखने पहुंचे दो युवकों ने टिकट नहीं मिलने पर खूब हंगामा किया। हंगामे के विरोध करने पर उन्होंने सिनेमाघर के स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आसपास के लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। सिनेमा के मैनेजर ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम के शो में दो युवक फिल्म देखने के लिए पहुंचे। सीट नहीं होने पर स्टाफ ने उन्हें टिकट देने से इंकार कर दिया। आरोप है कि टिकट नहीं मिलने पर दोनों युवकों ने हंगामा कर दिया। जब सिनेमाघर के स्टाफ ने युवकों का विरोध किया तो उन्होंने स्टाफ के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर युवकों ने आरोप लगाया सिनेमा स्टाफ ने उनके साथ मारपीट की और उनके पैसे छीनने का भी प्रयास किया, जबकि सिनेमाघर के मैनेजर ने तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी युवक स्टाफ के साथ गाली-गलौज कर देख लेने की धमकी देकर गए हैं। पुलिस ने तहरीर पर कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
चंद्रा टॉकिज में दो युवक भिडे़े
मुजफ्फरनगर। चंद्रा टॉकिज में फिल्म टाइगर जिंदा है, देखने गए दो युवक आपस में भिड़ गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर दोनों युवकों को पकड़कर उनका शांति भंग में चालान कर दिया। पुलिस ने बताया कि रुड़की रोड स्थित चंद्रा टॉकिज में फिल्म देखने आए रहमतनगर निवासी सोनू पुत्र अनीस और मिमलाना रोड निवासी शादाब में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके चलते दोनों में जमकर मारपीट हुई। सूचना मिलने पर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।