मुठभेड़ में बदमाश घायल, एक फरार
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)।
पुलिस की नरा बिजली घर के सामने बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ मे एक दरोगा भी घायल हुआ है। जबकि एक बदमाश फरार हो गया।
मंसूरपुर इंस्पेक्टर केपीएस चाहल ने बताया कि सूचना मिली थी कि मेरठ की ओर से एक बाइक पर दो बदमाश हरिद्वार की ओर जा रही एक कार का लूटने के लिए पीछा कर रहे हैं। सूचना पर बेगराजपुर चौकी के दरोगा आरके शर्मा ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दरोगा आरके शर्मा घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश मुकीम पुत्र जहूर निवासी गोयला थाना शाहपुर है। बदमाश ने अपने फरार हुए साथी का नाम भी बता दिया है, उसकी तलाश की जा रही है। उसे पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।