मुजफ्फरनगर। 20 माह में रकम डबल करने का लालच देकर तीन लोगों ने एक युवक को तीन लाख रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
नईमंडी कोतवाली के भरतिया कोलानी निवासी उपेंद्र भारद्वाज ने बताया कि रवि कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी बामनहेड़ी रेलवे क्वार्टर हाल निवासी मोहल्ला रामपुरी, विनोद चौधरी और रविंद्र चौधरी निवासीगण बिजनौर से उसकी जान-पहचान थी। पांच जनवरी 2016 को आरोपी उसके मोलाहेड़ी मार्केट स्थित ऑफिस में आए और बताया कि वह रकम को 20 माह में डबल करके वापस करते हैं। बताया कि उनकी कंपनी का नाम उषा म्युचअल बेनिफिट सोसायटी लिमिटेड है।
रवि ने खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताया था। पीड़ित आरोपियों की बातों में आ गया और तीन लाख रुपये आरटीजीसी के माध्यम से रवि कुमार के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि इस नाम की कोई कंपनी नहीं है। आरोपियों ने पीड़ित के साथ धोखा कर उसकी रकम हड़प ली। रकम मांगे जाने पर आरोपी पीड़ित को धमकी दे रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी है। उधर, पुलिस ने रात में गश्त के दौरान दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों से दो छुरियां मिली। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी सुजडू निवासी अशोक और पप्पू हैं। दोनों का चालान कर दिया गया है।