मुजफ्फरनगर। आर्यसमाज रोड स्थित दुकान पर एंबुलेंस पर स्टीकर लगवाने पहुंचे युवक को दुकानदार और उसके साथियों ने मामूली कहासुनी के बाद मारपीटकर घायल कर दिया।
सरवट गांव निवासी युवक एंबुलेंस चलाता है। बुधवार दोपहर वह एंबुलेंस पर स्टीकर लगवाने के लिए आर्यसमाज रोड स्थित एक दुकान पर पहुंचा था, जहां उसकी किसी बात को लेकर दुकानदार से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वारदात घटनास्थल के पास ही स्थित एक बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पीड़ित युवक ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी, जिस पर डायल-100 व सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों के साथ ही पीड़ित युवक को भी हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच घंटों की गहमागहमी के बाद सिविल लाइंस थाने में समझौता हो गया, जिसके बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।