किराया मांगने पर छात्रों ने बस परिचालक की धुनाई की
चरथावल। प्राइवेट बस में किराया मांगने पर छात्रों ने बस परिचालक की पिटाई कर दी। इस रूट पर चल रही प्राइवेट बसों के नाराज स्टाफ ने बसों को संचालन बंद करते हुए चाबियां मालिकों को सौंप दी। करीब पांच घंटे बाद कोतवाली में तहरीर देने और स्टाफ की पूरी सुरक्षा का भरोसा मिलने पर बसों को संचालन शुरू हो पाया।
बुधवार सुबह प्राइवेट बस चरथावल से यात्रियों को लेकर मुजफ्फरनगर जा रही थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर में कुछ छात्रों से किराया मांगने को लेकर विवाद हो गया। छात्रों के गुट ने मामला बढ़ने पर बस परिचालक संजीव की पिटाई शुरू कर दी। काफी देर तक पिटाई के दौरान बस में हंगामा होता रहा, लेकिन पिटाई के दौरान किसी यात्री ने उसे नहीं छुड़ाने की जहमत नहीं उठाई। इस घटना से क्षुब्ध होकर बस यूनियन का स्टाफ बस अड्डे में एकत्र हो गया। बसों का संचालक बंद करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पांच घंटे तक संचालन ठप होने से रूट से जुड़े कई दर्जन गांवों के यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बस मालिकों ने आरोपी छात्रों के खिलाफ मुजफ्फरनगर कोतवाली में तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही भविष्य में स्टाफ को पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया। बस मालिकों के समझाने के बाद दोपहर करीब दो बजे बसों का संचालन शुरू हो पाया। आरोपी छात्र चरथावल थाना क्षेत्र के गांव के बताए गए हैं।