दलित बहुल गांवों में उपद्रवियों की तलाश
मुजफ्फरनगर। विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए बवाल को भांपने में नाकाम सुरक्षा एजेंसियां उपद्रवियों को तलाशने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहतीं है। जिले के दलित बहुल गांव से प्रदर्शन में शामिल भीड़ का लेखा-जोखा जुटाया जा रहा है। आरपीएफ और जीआरपी के साथ सभी थाना क्षेत्रों को उपद्रव के पीछे कौन लोग हैं यह खंगालने के लिए लगाया गया है।
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से दलित संगठनों के कार्यकर्ता जीआईसी के मैदान में एकत्र हुए थे। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से भी विरोध के लिए ग्रामीण पहुंचे थे। हजारों की भीड़ में उपद्रव के लिए किसने उकसाया, किस गांव के युवा सबसे ज्यादा आक्रामक रहे आदि जांच को लेकर पुलिस-प्रशासन ने दलित बहुल गांव को खंगालना शुरू किया है। सुरक्षा एजेंसियां गहनता से जांच में जुटी है। संबंधित थाना क्षेत्रों के अलावा आरपीएफ और जीआरपी शहर से जुड़े दलित आबादी के बड़े गांव और बस्तियों की खोजबीन में उपद्रवियों को तलाशने में लगे हैं। ग्राम प्रधानों, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों से मदद ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां उपद्रव के पीछे की क्या रणनीति थी, किसने विरोध प्रदर्शन को आई भीड़ में अराजक तत्वों को उकसाया है। इस कार्रवाई से संबंधित गांव में हड़कंप मचा है।