मोरना। स्वच्छ भारत अभियान का सर्वे करने वाली टीम में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने कार्यालय से कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है।
भोपा क्षेत्र के गांव मलपुरा निवासी सौरव त्यागी ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के नाम पर कुछ व्यक्ति मोरना में कार्यालय स्थापित कर नौकरी दिलवाने के नाम पर युवाओं से मोटी रकम रिश्वत के रूप में ले रहे हैं। इन युवाओं ने सौरव से भी 25 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट कार्यालय के खाते में जमा करने को कहा था। मंगलवार को सौरव की शिकायत पर मोरना चौकी प्रभारी तेज सिंह यादव ने मोरना स्थित कार्यालय पर छापा मारा और वहां से कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए युवकों ने बताया कि बिजनौर निवासी एक व्यक्ति ने उनसे भी मोटी रकम लेकर नौकरी पर रखा है। पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुुरु कर दी है। कार्यालय से मिले रजिस्टरों में मोरना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की मोहर लगी हुई मिली है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।