एक्सईएन के घर में पत्नी के भतीजे ने कराई थी लूट
मुजफ्फरनगर।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र के अंकित विहार में रविवार रात हुई लूट की घटना एक्सईएन की पत्नी के भतीजे ने कराई थी। लूटपाट में वह खुद भी शामिल रहा। पुलिस ने आरोपी भतीजे और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर चालान कर जेल भेज दिया है। एक्सईएन की पत्नी प्रेमलता की ओर से पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया है। घटना में शामिल सिखेड़ा का निवासी अपराधी फरार है, जिसके पास से लूट के 50 हजार रुपये भी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
नई मंडी क्षेत्र के अंकित विहार निवासी रमेशचंद सैनी सिंचाई विभाग में एक्सईएन हैं, जो वर्तमान में फैजाबाद में तैनात हैं। बच्चे बाहर पढ़ रहे हैं। यहां मकान में उनकी पत्नी प्रेमलता अकेली रहती हैं। रविवार रात चार युवकों ने उसके मकान में घुसकर लूटपाट की। विरोध करने पर तमंचे की बट से प्रहार कर प्रेमलता को घायल कर दिया। इसके बाद इन युवकों ने मकान में रखे 50 हजार रुपये लूट लिए। इसी दौरान प्रेमलता ने शोर मचाया तो सभी भाग खड़े हुए। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़कर आए और सिखेड़ा निवासी एक बदमाश ओमकुमार को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद प्रेमलता के पड़ोस में ही रहने वाले उसके भतीजे तुषार सैनी, उसके दोस्त बचन सिंह कालोनी निवासी राहुल कुमार को भी गिरफ्तार किया, जबकि सिखेड़ा निवासी अपराधी रोहित हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने प्रेमलता की ओर से चारों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया। इंस्पेक्टर नईमंडी हरशरण शर्मा ने बताया कि तुषार और राहुल इंटर के छात्र हैं, जो पचेंडा रोड पर एक पब्लिक स्कूल में पढ़ते हैं। तुषार पीड़िता प्रेमलता का भतीजा है, उसने ही लूट की योजना बनाई थी। लूटे गए 50 हजार रुपये रोहित के पास हैं, जिसकी तलाश की जा रही है। उस पर लूट आदि के करीब आठ मामले दर्ज हैं।
उधार चुकता करने को लूट की योजना बनाई
मुजफ्फरनगर। पुलिस के अनुसार तुषार पर कुछ युवकों का उधार है। उधार उतारने के लिए ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बुआ के घर पर लूट की योजना बनाई थी। उसे पता था कि घर में बुआ अकेली रहती है और काफी दिनों से मकान में निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिस कारण मकान में काफी रुपये बुआ के पास रहते हैं।