मोरना। मोरना चीनी मिल में गन्ना लेकर गए किसान को बदमाशों ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट ली। पीड़ित ने पुलिस को लूट की सूचना दे दी है।
भोपा क्षेत्र के गांव मोरना के प्रेम सिटी कालोनी निवासी किसान सेठी पुत्र ओमवीर शुक्रवार को मोरना चीनी मिल पर ट्रॉली में गन्ना भरकर ले जा रहा था। जैसे ही वह गांव ककराला के सामने स्थित मंदिर के सामने पहुुंचा तभी तीन-चार बदमाशों ने उससे मिल जाने के लिए लिफ्ट मांगी। मोरना मिल में जाने के बाद पर्ची के गन्ने की तौल के उपरांत केनयार्ड में इन बदमाशों ने किसान सेठी को कोल्ड ड्रिंक पिलाई। कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद ही सेठी बेहोश हो गया। होश में आने पर उसे अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली गायब मिला। शुक्रवार शाम सेठी और उसके परिजनों ने मोरना चौकी पर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित किसान ने पुलिस से ट्रैक्टर-ट्रॉली की बरामदगी की गुहार लगाई। इससे पूर्व भी मोरना चीनी मिल के पास छछरौली व भोकरहेड़ी निवासी चालकों से बदमाश नशीला पदार्थ पिलाकर ई रिक्शा लूट चुके हैं।