नईमंडी पुलिस ने उत्तराखंड के रुद्रपुर से चोरी की गई प्राईवेट बस को यहां जानसठ पुल के नीचे से बरामद कर लिया। इस दौरान दो आरोपी फरार हो गए, जबकि एक को पुलिस ने दबोच लिया। बाद में रुद्रपुर पुलिस बरामद बस और चोर को अपने साथ ले गई। बस में लगे जीपीआरएस सिस्टम के कारण पुलिस को यह बरामदगी हुई।
नईमंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि रविवार को उत्तराखंड के शहर रुद्रपुर से तीन चोरों ने एक प्राइवेट बस को चोरी कर लिया। बस में जीपीआरएस सिस्टम लगा होने के कारण बस की लोकेशन ट्रेस होती गई। बस नूरपुर, बिजनौर होते हुए सोमवार सुबह नईमंडी कोतवाली के जानसठ रोड पर आ गई। रुद्रपुर पुलिस बस को लगातार ट्रेस कर रही थी। रुद्रपुर पुलिस की सूचना पर नईमंडी पुलिस ने इस बस को जानसठ ओवरब्रिज के नीचे से बरामद कर लिया। बस चला रहे गाजियाबाद जनपद निवासी एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए, जो बिजनौर और नई दिल्ली के सीमापुरी निवासी बताए गए हैं। ये बस को चोरी कर दिल्ली बेचने जा रहे थे। बाद में रुद्रपुर पुलिस को बरामद बस और पकड़े गए आरोपी को सौंप दिया गया।