छात्रा से छेड़छाड़ करते युवक को धुना, हंगामा
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव में आए दिन छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी किशोरी शहर के एक स्कूल में इंटर में पढ़ती है। शनिवार शाम वह स्कूल से घर लौट रही थी। आरोप है कि पास के गांव निवासी युवक रोजाना छात्रा से छेड़छाड़ करता था, जिसने शनिवार को भी उसका पीछा करते हुए छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने युवक को दबोच लिया, जिसके बाद उसकी जमकर धुनाई कर दी गई। युवक से मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके बाद पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया।