लोन कराने के नाम पर महिलाओं से ठगी
मुजफ्फरनगर। महालक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के 50-50 हजार रुपये के लोन कराने के नाम पर गांव बढ़ीवाला के पूर्व प्रधान व महिला ने सौ से अधिक महिलाओं से दो लाख से अधिक की ठगी कर ली। शिकायत पर एडीएम वित्त ने थाना पुलिस को जांच के बाद कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी अनारो पत्नी राजन सैनी ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव बढ़ीवाला छपार के पूर्व प्रधान सदाकत और देवबंद निवासी बबली ने उसके साथ ही अन्य महिलाओं को भी महालक्ष्मी योजना के तहत 50-50 हजार रुपये का लोन कराने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि दोनों शातिरों ने कुल 107 महिलाओं से लोन कराने के नाम पर दो-दो हजार रुपये यानि 2.14 लाख रुपये ऐंठ लिए। रुपये लेने के बावजूद महिलाओं का कोई लोन नहीं हुआ, जिसके चलते पीड़िताओं ने जब दोनों से तकादा किया तो उन्होंने फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। पीड़ित महिलाओं की गुहार पर एडीएम वित्त आलोक कुमार ने शहर कोतवाली पुलिस को जांच के बाद कार्रवाई के आदेश दिए हैं।