धार्मिक भावनाओं के आहत करने के आरोपी को जेल भेचा
मुजफ्फरनगर। व्हाट्सएप पर धार्मिक भावनाओं को भडकाने वाले पोस्ट डालने वाले आरोपी को पुरकाजी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस लाइन में एसएसपी अनंत देव ने इस बारे में पत्रकारों को जानकारी दी। बताया कि 11 जून को पुरकाजी के बाजारकलां निवासी अजीज अहमद पुत्र जमील अहमद ने दर्ज कराई थी। बताया था एक व्यक्ति ने उसके व्हाट्सएप पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट डाली है और मेसेज किये हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की तो पता चला कि जिस नंबर से पोस्ट व मेसेज किए गए थे वह गोधना निवासी अंकुर कुमार पुत्र ईश्वरचंद का है। पुलिस ने बुधवार को आरोपी अंकुर को उसके घर से गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। बाद में उसे जेल भेज दिया।
रासुका में होगी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट डालने के कई मामले सामने आए हैं. जिन्हें पुलिस ने सख्ती से लिया है। अब ऐसी पोस्ट डालने वाले के खिलाफ रासुका में कार्रवाई की जाएगी। पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। यदि किसी भी ग्रुप में ऐसी पोस्ट डाली और ग्रुप एडमिन ने उस सदस्य को तत्काल ग्रुप से डिलीट कर पुलिस को सूचना नहीं दी तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
झुलसी विवाहिता
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के खालापार निवासी गुलिस्ता पत्नी इरशाद को संदिग्ध हालातों में झुलस जाने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे नाजुक हालत के चलते मेरठ के लिये रेफर कर दिया गया। परिजनों का कहना था कि गैस पाइप फटने के कारण लगी आग में वह झुलसी है।
महिला पर हमला
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पर मेघाखेड़ी निवासी प्रदीप पुत्र ब्रजवीर ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोस में रहने वाले सुशील, हिमांशु व अंतिम ने उसके घर में घुसकर उसकी भाभी आंचल को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।