ट्रैक्टर चालक को पीटा
खतौली। ट्रैक्टर चालक को दूसरे संप्रदाय के युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने चालक के मकान में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की। इस घटना को लेकर भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया। भाजपा कार्यकर्ता एकत्र होकर थाने पहुंचे और तहरीर देकर पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भूड़ निवासी गुलबीर अपना ट्रैक्टर लेकर घर जा रहा था। जानसठ रोड पर दूसरे समुदाय के युवकों ने अपनी कार को ट्रैक्टर के आगे लगा दी, जिसको लेकर गुलबीर ने विरोध किया तो कार सवारों ने उसके साथ मारपीट कर दी। उस वक्त जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवक अपने साथियों को लेकर चालक के मकान पर पहुंचे। इन युवकों ने मकान में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की। शोर मचाने पर आरोपी युवक देख लेेने की धमकी देकर फरार हो गए। इस घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। भाजपाइयों ने थाने पहुंचकर चालक से आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दिलाई और पुलिस से शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।