मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने विवाहिता के हत्या के प्रयास के मामले में नामजद ससुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगी है।
शहर कोतवाली पर शामली के खेड़ीकरमू निवासी राजकुमार ने बुधवार को हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था। बताया था कि उसकी बेटी डोली का विवाह इस साल 6 फरवरी को यहां रामपुरी के अनुज के साथ हुआ था। आरोप लगाया था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने डोली के साथ मारपीट कर उसे जिंदा जला कर मारने का प्रयास किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी ससुर किशोर को गिरफ्तार कर लिया। बाकी की तलाश की जा रही है।
दुकान से मोबाइल चोरी
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाने पर दी गई तहरीर में नईमंडी के मेघाखेड़ी निवासी तबरेज अली ने बताया कि सदर बाजार में उसकी दुकान है। उसका मोबाइल फोन दुकान के काउंटर पर रखा था, तभी एक युवक सामान लेने दुकान पर आया, जो उसका मोबाइल फोन चोरी करके ले गया। उधर, सिविल लाइन के सरवट गेट निवासी शशीकांत शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह ट्यूशन पढने ब्रहमपुरी गया था। जहां से उसकी साइकिल चोरी हो गई।
परिजनों पर हमला
मुजफ्फरनगर। केशवपुरी में कुछ लोगों ने हथियारों से लैस होकर एक मकान पर धावा बोल दिया और पूरे परिवार को मारपीट कर घायल कर दिया। थाना सिविल लाइन के मोहल्ला केशवपुरी निवासी ओमपाल पुत्र आशाराम ने बताया कि पड़ोस के ही पवन आदि ने हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुसकर उसके परिवार पर हमला कर कर उसे और पत्नी सरोज देवी, पुत्र सुशील को घायल कर दिया। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
युवती का अपहरण
मुजफ्फरनगर। मामा के घर रह रहा युवक पड़ोसी युवती को बहला फुसला कर अपहरण कर ले गया। युवती की मां ने सिविल लाइन पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
दो जिला बदर तमंचों के साथ बंदी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने जिला बदर सूजडू निवासी गुलफाम को तमंचे समेत पकड़ा है। उधर, चरथावल पुलिस ने जिलाबदर अपराधी कुल्हेडी निवासी मुस्तफा को तमंचे संग गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
करंट से किसान झुलसा
मुजफ्फरनगर। जट नंगला गांव में खेतों पर काम करते समय किसान विद्युत करंट लगने से झुलस गया। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जट नंगला का सोमपाल खेतों पर काम करने गया था, जहां वह विद्युत करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
महिला से मारपीट, घर में की तोड़फोड़
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के सुजडू निवासी सुषमा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह घर में कपड़े धो रही थी। आरोप है कि तभी मोहल्ले के आरोपी युवक ने घर में घुस कर उसके साथ मारपीट कर की। आरोपी ने उसके घर में भी तोड़फोड़ की। आरोप है कि जब परिजन उसे बचाने आए तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।