दुकान स्वामी ने किराएदार का सामान बाहर फेंका
मुजफ्फरनगर। दुकान मालिक ने महिला किराएदार का सामान उठाकर बाहर फेंक दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला और उसके देवर की पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सिविल लाइन के आनंदपुरी में महिला बीस वर्षों से किराए की दुकान में अपना काम करती है। पीड़िता रेखा पत्नी स्वर्गीय राजेश कुमार ने बताया कि 22 जनवरी, 2008 को पति की दुकान पर हत्या कर दी गई थी। वह फाइनेंस का काम करते थे। बताया कि 19 साल से वह दुकान में किराएदार है। दुकान में टेलरिंग का काम कर रखा है। बताया रविवार सुबह नामजद आरोपी आए और पीड़िता की दुकान का सामान उठाकर बाहर फेंकना शुुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीड़िता और देवर रविदत्त चोट लगने से घायल हो गए। इस दौरान आरोपियों ने दुकान में रखे 32 हजार रुपये लूट लिए। घायल अवस्था में दोनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।