साथियों ने युवक की गर्दन रेती
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली के बागोवाली गांव में ईदगाह के पास भांग उतार रहे नशेड़ी साथियों ने कहासुनी होने पर अपने साथी की हत्या करने की नीयत से चाकू से उसकी गर्दन रेत दी। हमलावर उसे मृत समझ कर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल युवक को जिला चिकित्सालय भर्ती कराया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस युवक के परिजनों और हमलावरों की तलाश में लगी है।
इंस्पेक्टर नई मंडी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार देर शाम को तीन युवक बागोवाली गांव में ईदगाह के पास भांग उतार रहे थे। तीनों युवक सरवट क्षेत्र के बताए गए हैं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। नशेड़ी दो साथियों ने अपने तीसरे साथी को दबोच लिया और चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। चाकू के हमले से गर्दन पर गहरा घाव होने से युवक वहीं लहूलुहान होकर गिर गया। उसे मृत समझ कर दोनों हमलावर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस नेे मौके पर जाकर घायल को उठा कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। काफी पूछने के बाद उसने अपने नाम मोहसीन (25) पुत्र नूर मोहम्मद बताया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस हमलावरों और घायल के परिजनों की तलाश में लगी है।