सिरफिरे आशिक ने किया दुल्हन पर हमला
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव सूजडू में बृहस्पतिवार शाम सिरफिरे आशिक ने शादी के बाद ससुराल पहुंची दुल्हन पर पेचकश से हमला कर दिया। गुस्साए वर पक्ष के लोगों ने आरोपी को उसके साथी समेत मौके पर ही पकड़कर दोनों की जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल भीड़ से दोनों को बचाकर थाने पहुंचाया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। देर रात तक इस संबंध में किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई थी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सूजडू निवासी युवक की बरात बृहस्पतिवार सुबह छपार क्षेत्र के एक गांव में गई थी। वहां शादी की तमाम रस्में पूरी करने के बाद हंसी-खुशी के माहौल में देर रात युवक दुल्हन के साथ घर लौटा था। जैसे ही दूल्हा-दुल्हन कार से उतरकर घर की तरफ बढ़े, वहां पहले से घूम रहे दो संदिग्ध युवकों ने अचानक पेचकश निकाल कर दुल्हन पर हमला कर दिया, जिसमें एक वार हाथ पर लगने से दुल्हन लहूलुहान हो गई। दूल्हा-दुल्हन की चीख-पुकार सुनकर युवक के परिजनों ने दोनों हमलावरों को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने दोनों युवकों की जमकर धुनाई कर डाली। भीड़ की पिटाई से दोनों मरणासन्न हालत में पहुंच गए। सूचना पर पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने बमुश्किल भीड़ को समझा-बुझाकर शांत करते हुए दोनों युवकों की जान बचाकर उन्हें हिरासत में ले लिया। कोतवाली में लाकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि हमलावर युवक गांव बरला का रहने वाला है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
हमलावर ने किया दुल्हन से कोर्ट मैरिज का दावा
मुजफ्फरनगर। गांव सूजडू में दुल्हन पर हमला करने वाले गांव बरला निवासी युवक ने दुल्हन से करीब चार साल पहले कोर्ट मैरिज करने का दावा किया है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि युवक भी दुल्हन की बिरादरी की ही है, जिसने पूछताछ में उसके साथ प्रेम संबंध होना बताते हुए वर्ष 2015 में दुल्हन से कोर्ट मैरिज करने का दावा किया है। युवक ने दुल्हन और अपनी कोर्ट मैरिज के कागजात भी पेश किए हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है। देर रात तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर आती है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।