मुठभेड़ में दबोचा 25 हजार का इनामी बदमाश
मुजफ्फरनगर। शहर के बुढ़ाना मोड़ पर शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार के इनामी को दबोच लिया। पुलिस की गोली से जहां इनामी बदमाश घायल हुआ है, वहीं बदमाशों की फायरिंग में एक सिपाही को भी हाथ में गोली लगी। मुठभेड़ में एक बदमाश फरार हो गया, जिसकी तलाश में देर रात तक कांबिंग की जा रही थी।
एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस देर रात बुढ़ाना मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, जिन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए वहां से पीनना की तरफ बाइक दौड़ा दी। बदमाशों की फायरिंग में शहर कोतवाली का सिपाही मानिंदर हाथ में गोली लगने से लहूलुहान हो गया। सूचना पर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान, एसएसआई अक्षय शर्मा, एसआई विनय शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान बदमाशों से आमना-सामना हुआ, जिसमें पुलिस की गोली एक बदमाश को पैर में लगने से वह लहूलुहान होकर बाइक समेत वहीं गिर पड़ा, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इंस्पेक्टर के शब्दों में गोली से घायल बदमाश की पहचान शहर के मिमलाना रोड निवासी साबिर उर्फ घोड़ा के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी व गैंगस्टर के कई मुकदमे दर्ज हैं। साबिर उर्फ घोड़ा पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। देर रात एसपी सिटी सतपाल अंतिल व सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बदमाश के फरार साथी की पहचान नहीं हो पाई है, जिसकी तलाश में देर रात तक कांबिंग की जा रही थी।