मीरापुर। पंजाब नेशनल बैंक शाखा कैथोड़ा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक विजयपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वे प्रतिदिन की भांति 13 मार्च की शाम को भी नियमित कार्य पूरा करने के बाद बैंक शाखा बंद कर घर चले गए थे। बृहस्पतिवार सुबह बैंक शाखा खोली गई तो पीछे दीवार की एक खिड़की टूटी पाई गई। अंदर देखने पर पता चला कि बदमाशों द्वारा बैंक में घुसकर पांच चेक चोरी कर लिए गए हैं, जबकि कैश व रिकॉर्ड सही सलामत पाए गए। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
आरोपी टैंकर चालक को भेजा जेल
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर बुधवार को टैंकर व कार की भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों ने बाइक सवार पांच लोगों को कुचल दिया था। हादसे में गांव मुझेड़ा निवासी जाकिर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने टैंकर चालक पुष्पेंद्र निवासी गांव बुढ़ा थाना मंडावली जनपद बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया था, जिसे बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया है।