मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी रोड पर बृहस्पतिवार रात पैदल ही बात करते जा रहे युवक से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल छीन लिया। पीड़ित युवक ने एक कार सवार से लिफ्ट लेकर बाइक सवारों का पीछा किया, जिस पर आरोपी बाइकर्स गलियों में होकर सरवट की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
होटल के बाहर से कार चोरी
मुजफ्फरनगर। नई दिल्ली के प्रीत विहार निवासी निशांत ने तहरीर देकर बताया कि वह पत्नी के साथ ममेरे भाई के बर्थ-डे में आया था। बर्थ-डे सेलीब्रेशन शहर के भोपा रोड स्थित होटल में रखा गया था, जहां वह अपने कार बाहर पार्क कर चला गया। पीड़ित के अनुुसार, पार्टी के बाद वह पत्नी के साथ बाहर निकला तो कार चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।