घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म का प्रयास
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी युवती ने एसएसपी आवास पहुंचकर शिकायती पत्र देते हुए दो युवकों पर देर रात घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती ने एसएसपी आवास पहुंचकर बताया कि उसके पिता व भाई कहीं बाहर रहकर नौकरी कर रहे हैं। घर पर वह अपने बाबा के साथ रहती है। पीड़िता के अनुसार मोहल्ले के दो युवक काफी समय से उस बुरी नजर रखते हुए आते-जाते छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करते रहते हैं। शुक्रवार देर रात वह अकेली एक कमरे में और बाबा दूसरे कमरे में सोए थे। आरोप है कि देर रात करीब 12.30 बजे दोनों आरोपी छत के रास्ते उसके घर में आ गए और कमरे में घुसकर युवती को बदनीयती से दबोचकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता के शोर मचाने पर अलग कमरे में सोया उसका बाबा व अन्य लोग जाग गए और शोर मचा दिया। इस पर आरोपी युवती को धक्का देते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस एसएसपी के आदेश पर मामले की जांच कर रही है।