कारों की साइड लगने से दो पक्षों में संघर्ष
खतौली। कारों की साइड लगने से दो पक्षों में संघर्ष होने से अफरातफरी मच गई। हमले में एक युवक घायल हो गया। आरोप है कि प्रधान पक्ष के लोगों ने बंदूक की बट मारकर सिर फोड़ डाला। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव पिपलहेड़ा के कर्णवीर व नीरज और उसका भांजा व उसके दो साले शनिवार की शाम को अपनी कार से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में गांव के रहने वाले मोहित व हरिओम की कार से गांव जा रहे थे। रास्ते में दोनों पक्षों की कारों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसको लेकर गांव पहुंचते ही दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। हमले में मोहित घायल हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने बंदूक की बट मारकर मोहित का सिर फोड़ दिया। हमले की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर बमुश्किल मामला शांत किया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस को दोनों पक्षों ने मारपीट की तहरीर दे दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। वहीं, गांव के जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों के बीच आपस में समझौता कराने में लगे हुए हैं।