छात्र विमल हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने दो साथियों को हिरासत में लिया
मुजफ्फरनगर। नईमंडी कोतवाली पुलिस ने गांधीनगर के छात्र विमल हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने विमल के दो साथियों को हिरासत में लेकर इसका खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि दोस्त का तमंचा चेक करते समय अचानक गोली चलने से छात्र की मौत हुई थी। पुलिस पकड़े गए दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गांधीनगर निवासी विमल पुत्र रामकिशोर शनिवार रात गोली लगने से मौत हो गई थी। उसके पिता ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया था कि रात नौ बजे दो-तीन युवक विमल को घर से बुलाकर ले गए थे। इसके कुछ देर बाद ही घर से कुछ दूरी पर फायरिंग की आवाज आई। परिजन वहां पहुंचे तो विमल लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने विमल को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस जांच में पाया था कि विमल को गुप्तांग पर गोली लगी थी। उसकी त्वचा पर ब्लैकनिंग भी पाई गई, जो अक्सर बेहद नजदीक से गोली लगने पर आती है।
इसके चलते पुलिस युवक को उसी की अंटी में लगे तमंचे से गोली लगने की आशंका जता रही थी। इस मामले में विमल के परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए दर्जनों युवकों को हिरासत में लिया था, जिनसे हुई पूछताछ के बाद मामले का खुलासा किया गया। नई मंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने बताया कि मोंटी उर्फ हिमांशु पुत्र प्रीतमपाल निवासी गांधीनगर औरमीरापुर का रहने वाला रितिक, विमल के दोस्त हैं। घटना की रात्रि उक्त दोनों मोहल्ले में बैठे शराब पी रहे थे। विमल उक्त दोनों के पास पहुंचा और उसने रितिक से तमंचा मांगा और उसे चेक करने लगा, तो गोली चल गई और गुप्तांग में गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले रखा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।