शराब के नशे में पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के गांव अलमासपुर में शराब के नशे में धुत अधेड़ ने कुल्हाड़ी से पत्नी पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को बचाने पहुंचे आसपास के लोगों पर भी आरोपी ने हमले का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव अलमासपुर निवासी विनोद बुधवार शाम शराब के नशे में घर पहुंचा। इसे लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विनोद ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी महिला के हाथ पर लगने से वह लहूलुहान हो गई। आसपास के लोगों ने महिला की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने का प्रयास किया, जिस पर आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमले का प्रयास किया, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते पर कूकड़ा चौकी प्रभारी एसआई करन नागर मौके पर पहुुंचे और आरोपी विनोद को हिरासत में लेते हुए हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी कब्जे में ले ली। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। एसआई का कहना है कि शराब के नशे में घर पहुंचने के बाद आरोपी का पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।