शहर में तीन छात्रों पर जानलेवा हमला
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र के मालवीय चौक पर तीन छात्रों पर आपसी टशनबाजी के चलते कुछ युवकों ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराते हुए तीन हमलावरों को भी हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शहर के मोहल्ला रामपुरी निवासी शिवम व शुभम और गंगारामपुरा निवासी हिमांशु शहर के एक कॉलेज में पढ़ते हैं। तीनों कुछ दिन पूर्व गांव शेरपुर निवासी शोएब पक्ष से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उक्त तीनों युवकों ने बुधवार सुबह शोएब गुट के महमूदनगर निवासी शावेज के साथ मारपीट कर दी थी, जिसके बाद शोएब व शावेज अपने कई साथियों के साथ तीनों की तलाश कर रहे थे। दोपहर बाद शोएब गुट को तीनों युवक मालवीय चौक पर मिल गए, जिस पर शोएब पक्ष ने तीनों युवकों को घेरकर उनके साथ जमकर मारपीट कर दी। हमले में शिवम, शुभम व हिमांशु तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शोएब व शावेज समेत तीन युवकों को हिरासत में लेते हुए तीनों घायलों का मेेडिकल करा दिया है। पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।
शिवचौक पर छात्र का सिर फोड़ा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी अमित किसी काम से बुधवार दोपहर शहर में आया था। यहां शिवचौक पर कुछ युवकों ने अकारण अमित पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। लहूलुहान युवक के शोर मचाने पर शिवचौक पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लद्दावाला निवासी एक युवक को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पुलिस घायल अमित का मेडिकल कराते हुए तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।