मुजफ्फरनगर। तितावी पुलिस ने करवाड़ा पुल के निकट चेकिंग के दौरान दो हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, तीन मस्कट व दो तमंचे के साथ ही फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता में एसपी देहात आलोक शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात तितावी एसओ सूबे सिंह टीम के साथ रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने करवाड़ा पुल पर चेकिंग अभियान शुरू किया। देर रात पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक पर आते दो युवकों को चेकिंग के लिए रोकते हुए उनके पास मौजूद थैले की तलाशी ली तो उसमें से एक पिस्टल, तीन मस्कट व दो तमंचे बरामद हुए। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों जगपाल निवासी गांव परासौली बुढ़ाना व निसार निवासी जौला बुढ़ाना को गिरफ्तार कर लिया। एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों के पास से मिली बाइक भी जांच में संदिग्ध पाई गई, जिसे फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था। एसओ सूबे सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी काफी समय से अवैध हथियारों की सप्लाई के धंधे में लगे हुए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।