बदमाश नगर पालिका मार्केट में एलआईसी के अभिकर्ता से 80 हजार रुपये की नगदी लूटकर ले गए। लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में कहीं भी बदमाशों की तस्वीर दिखाई नहीं दी। पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए सूचना देने वाले अभिकर्ता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
गांव फहीमपुर निवासी विपिन चौहान एलआईसी का अभिकर्ता है। शुक्रवार की सुबह 10.30 बजे गांव के रिश्ते में चाचा लगने वाले खतौली डाकघर के पोस्टमैन दिनेश कुमार ने एसबीआई से 80 हजार रुपये निकालकर उसे दिए थे। इसके बाद पोस्टमैन बैंक के सामने ही स्थित डाकघर में चला गया। विपिन के मुताबिक उसने 80 हजार रुपये अपने बैग में रख लिए थे। इसके बाद वह बाइक से नगर पालिका मार्केट में कुछ कागजातों की फोटो स्टेट कराने के लिए पहुंचा। जहां उसने देखा कि उसका बैग गायब था। उसने बिना शोर मचाए पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार बदमाश उससे 80 हजार रुपए की नगदी लूटकर फरार हो गए। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और विपिन से जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही दुकानदारों से पूछताछ की तो उन्होंने मार्केट में लूट की घटना होने से इंकार किया। इसके बावजूद पुलिस ने मार्केट में एक दंत चिकित्सक की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला। फुटेज में विपिन को लूटते हुए बदमाशों की कोई तस्वीर कैद नहीं मिली। पुलिस को शक हुआ कि विपिन उनको गुमराह कर रहा है। शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर विपिन ने बताया कि बैग उसने अपनी बगल में दबा रखा था? बैग कैसे गायब हो गया। इसकी उसे कोई जानकारी नहीं है। सूचना पर एलआईसी के कई अभिकर्ता भी एकत्र होकर थाने में पहुंचे। इन अभिकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि विपिन एक इमानदार अभिकर्ता है। पुलिस का कहना था कि विपिन ने लूट की घटना का नाटक रचकर पुलिस को गुमराह करने का काम किया है। हकीकत का पता चलने पर ही विपिन को छोड़ा जाएगा।