मामूली कहासुनी पर सुजडू में फायरिंग
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के गांव सुजडू में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। हमले में एक युवक घायल हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग भी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम सुजडू के जहांगीर पट्टी निवासी फरमान पुत्र शराफत मोहल्ले में खड़ा हुआ था। किसी बात को लेकर उसकी मोहल्ले के ही शबी हुसैन पुत्र अफजाल से कहासुनी हो गई, जिस पर आरोपी ने अपने भाई खालिद और पिता अफजाल के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। वह जान बचाकर अपने घर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, मगर तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। पुलिस ने फरमान की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फायरिंग का मामला दर्ज
मुजफ्फरनगर। खालापार में दो दिन पहले हुई फायरिंग में एक युवक को घायल होने के मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। खालापार के जाहिद पुत्र अब्दुल ने शहर कोतवाली में मामला दर्ज कराया। बताया कि उसकी खालापार में दुकान है। आरोप है कि उसकी दुकान पर कुछ युवक खड़े होकर महिलाओं और युवतियों से पर फब्तियां कसते हैं। दो दिन पहले देर शाम को जब उसने इसका विरोध किया, तो उन्होंने उसकी दुकान में घुसकर हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट करते हुए दुकान में तोड़फोड़ कर दी। जब उसे बचाने के लिए उसका भाई सरफराज आया, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। हाथ में गोली लगने से उसका भाई घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी शादान, कमर , शारिक , नईम कुरैशी, अनस व अकरम निवासीगण खालापार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गोकशी का वांछित पकड़ा
छपार। पुलिस ने गोकशी के मामले में फरार चल रहे आरोपी राशिद को तमंचे समेत गिरफ्तार किया है।
उत्तराखंड से कार लूटी, छपार में छोड़कर भागे
छपार। उत्तराखंड से कार लूटकर भाग रहे बदमाश छपार पुलिस की घेराबंदी देेेखकर कार छोड़कर फरार हो गए। रविवार देर रात उत्तराखंड के नारसन में चार बदमाशों ने कार लूटी और मुजफ्फरनगर की ओर भागने लगे। वायरलेस सेट पर कार लूट की सूचना मिलते ही छपार एसओ आदेश त्यागी ने बरला चौराहे पर वाहनों की चेंकिग प्रारंभ की। पुलिस को देखकर बदमाश कार सहित हाईवे पर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी करने का प्रयास किया तो बदमाश कार को छोडकर जंगल में घुस गए। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।