मुरादाबाद की महिला की थी लाश
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। करीब छह दिन पहले जड़ौदा में धर्मकांटे पर ट्रक के केबिन में मिली महिला के शव की शनाख्त हो गई। वह मुरादाबाद की रहने वाली मेसरजहां थी। चालक व दो क्लीनरों ने रास्ते में महिला की हत्या कर दी थी। पुलिस टीम जांच पड़ताल करते हुए मृतक महिला के घर तक पहुंच गई।
मंसूरपुर थाने पर तैनात मुकदमे के विवेचक दरोगा राजकुमार शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद के थाना भगतपुर क्षेत्र के गांव टोलरपुर निवासी रियासत की पत्नी मेसरजहां छह बच्चों की मां थी। 18 सितंबर को महिला गांव के अपने प्रेमी हसन के साथ फरार हो गई थी। प्रेमी ने रातभर महिला को मुरादाबाद शहर में रखा। प्रेमी ने अगले दिन 19 सितंबर की सुबह नौ बजे महिला को ट्रक में बैठा दिया था। ट्रक सीतापुर से स्क्रैप भरकर मुजफ्फरनगर आ रहा था। ट्रक में चालक सीतापुर निवासी अनीस व उसके दो क्लीनर अशोक यादव व रिजवान भी साथ में थे। दरोगा के मुताबिक इन तीनों ने रास्ते मेें महिला के साथ रेप कर हत्या की है। 19 सितंबर को ही मंसूरपुर के गांव जड़ौदा में धर्मकांटा पर चालक स्क्रैप से भरे ट्रक का वजन कराने लगा, तो कर्मचारी ने केबिन के अंदर शव देख लिया था। पकड़े जाने के डर से चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजकर ट्रक को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस टीम जांच करते हुए मुरादाबाद पहुंची। पुलिस पूछताछ करते हुए मृतक महिला के घर तक पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि तीनों हत्यारोपी पकड़ में नहीं आ सके हैं। महिला का प्रेमी भी गांव से फरार है। हत्यारोपियों के पकड़े जाने पर ही हत्याकांड का सही खुलासा हो सकेगा।
हरपाल/नरेश