जानलेवा हमले के मामले में दर्ज रिपोर्ट से नाम निकालवाने के नाम पर एक युवक से ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। एसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी वर्तमान में चेयरमैन पद का प्रत्याशी बताया गया है।
तीन माह पूर्व रात में मोहल्ला अफगानान में मस्जिद से नमाज पढ़ कर लौट रहे युवक को गोली मार कर घायल कर दिया था। उक्त मामले में पुलिस ने जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। वहीं बाद में मुकदमे में वांछित एक आरोपी का नाम पुलिस विवेचना में मुकदमे से निकलवाने के लिए अफगानान निवासी यूनुस नगरपालिका परिषद के चेयरमैन पद के प्रत्याशी मोहम्मद अली से मिला। पीड़ित ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में अवगत कराया कि मोहम्मद अली ने नाम निकलवाने के नाम पर उससे एक लाख रुपये लिए हैं। कहा कि ये रुपये वो पुलिस को देकर तेरा नाम मुकदमे से निकलवा देगा। पैसे देने के बाद भी पुलिस दबिश डालती रही। जिसके बाद उसने 15 सितंबर को मोहम्मद अली से अपने रुपये वापस मांगे। जिस पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा तथा धमकी दी।
मामले पर संज्ञान लेते हुए एसपी ने कैराना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश जारी किए। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि यूनुस की तहरीर पर मोहम्मद अली के विरुद्ध अमानत में खयानत की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।