जालसाजी में चार एयरपोर्ट कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। अदालत के आदेश पर जालसाजी के मामले में एयरपोर्ट के चार कर्मचारियों के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। इस मामले में पुलिस महकमे से निराश होकर पीड़ित ने अदालत की शरण लेकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई थी। अदालत के आदेश पर पुलिस ने अब सक्रियता दिखाई है।
शहर के मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी विपिन ने तहरीर देकर बताया कि उसकी मुलाकात कुछ समय पूर्व एटीसी देवराज से हुई थी, जो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एचके ऑर्गेनाइजेशन का वरिष्ठ असिस्टेंट है। पीड़ित के अनुसार बाद में उसने तीन अन्य साथियों मैनेजिंग डायरेक्टर अमन कुमार सहित विनोद विश्वास व इरफान से मिलाया, जिन्होंने विपिन को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उससे चार बार में हजारों रुपये ऐंठ लिए। इनमें से तीन बार आरोपियों ने विनोद विश्वास के बैंक खाते में रुपये डलवाए, जबकि एक बार इरफान का बैंक खाता इसके लिए इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि कई माह बीतने के बावजूद जब नौकरी नहीं मिली तो पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे, जिस पर आरोपियों ने उसे धमकियां देनी शुरू कर दी। पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।