सहारनपुर। मुजफ्फराबाद ब्लाक के ग्राम पंचायत भूलनी के ग्राम विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधान के पति पर बंधक बनाने और जबरन 4.23 लाख रुपये के चेकों पर हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है। थाना फतेहपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ग्राम प्रधान के पति का आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी विकास कार्यों की एवज में 17 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में मुजफ्फराबाद ब्लाक के खंड विकास अधिकारी विजय पाल ने भी थाना फतेहपुर पुलिस को पत्र लिखा और ग्राम विकास अधिकारी विपिन कुमार ने तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि मंगलवार को विपिन कुमार को ग्राम प्रधान के पति सौराज सिंह ने अपने घर पर बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। इसके साथ ही ग्राम प्रधान के पति ने 4.23 लाख रुपये के चेकों पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं सरकारी कागजात फाड़ दिए। मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, ग्राम प्रधान के पति सौराज सिंह का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत में कराए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर बुलाया गया था। ग्राम विकास अधिकारी प्रत्येक कार्य के बदले 17 प्रतिशत कमीशन मांग रहा था। इसका विरोध करने पर उनके ऊपर झूठे आरोप लगाकर तहरीर दी है। ग्राम प्रधान के पति का आरोप है कि उनकी पत्नी से 70 हजार रुपये भी ग्राम विकास अधिकारी ने लिए। उनके ऊपर लगे आरोप झूठे हैं। इस मामले में वह उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे।