प्लाट बेचने का झांसा देकर चार लाख हड़पे
मुजफ्फरनगर। देहरादून में प्लॉट बेचने का झांसा देकर प्रॉपर्टी डीलर ने खालापार के युवक से चार लाख रुपये हड़प लिए। रुपयों का तकादा करने पर दिया गया चेक बाउंस होने के बाद अब आरोपी द्वारा पीड़ित को धमकियां दी जा रहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी असद जमा ने तहरीर देकर बताया कि सितंबर 2016 में उसकी देहरादून निवासी प्रॉपर्टी डीलर राजेश अग्रवाल निवासी डालनवाला से श्रीबालाजी एन्क्लेव बहूवाला में प्लॉट बेचने की बात तय हुई थी। सौदा तय होने पर 14 सितंबर 2016 को उसने खालापार में ही राजेश अग्रवाल को चार लाख रुपये बतौर पेशगी दे दिए। आरोप है कि इसके बाद कई बार कहने के बावजूद राजेश अग्रवाल ने प्लॉट का बैनामा नहीं किया। थक-हारकर असद जमा ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसे एक दिसंब़र 2018 को दो लाख रुपये का चेक दिया, जो 31 दिसंबर को बाउंस हो गया। इसके बाद फिर से रुपयों का तकादा करने पर आरोपी द्वारा पीड़ित को जान से मारने की धमकियां दी जा रहीं हैं। पीड़ित की गुहार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।