अखिल हत्याकांड में दो के गिरफ्तारी वारंट जारी
मुजफ्फरनगर। आसाराम के रसोइया रहे अखिल गुप्ता हत्याकांड के मामले में कोर्ट ने दो हत्यारोपियों के गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए हैं। नई मंडी थाने से एक पुलिस टीम जल्द ही वारंट तामील कराने के लिए हत्यारोपियों के घर रवाना होगी। वहीं, अखिल के पिता ने भी बुधवार को एसएसपी से मुलाकात की।
शहर के गीता एन्क्लेव निवासी अखिल गुप्ता, आसाराम के खिलाफ युवती से दुष्कर्म मामले में मुख्य गवाह था। चार साल पहले 11 जनवरी 2015 को अखिल की जानसठ रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें स्पेशल बुलेट का इस्तेमाल किया गया था। हत्याकांड को अंजाम देने वाले पश्चिम बंगाल निवासी कार्तिक हलदार को गुजरात एटीएस ने छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया था, वहीं अन्य अभियुक्त नीरज निवासी कासमपुर को भी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनके अलावा, फरार चल रहे राहुल उर्फ अंकित उर्फ सूरज के घर की कुर्की की जा चुकी है, जबकि छत्तीसगढ़ के जिला बीड़ के अंजनदोह थाना थरूर निवासी प्रवीण शिवाजी कांबले और महाराष्ट्र के जिला राजनाथ गांव के बड़बूम निवासी तामराज अभी भी फरार हैं। उक्त दोनों आरोपियों के कोर्ट ने एनबीडब्लू जारी कर दिए हैं। इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा ने बताया कि थाने में एक पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है, जिसमें एक दरोगा व दो सिपाही शामिल किए गए हैं। उक्त टीम जल्द ही फरार दोनों आरोपियों प्रवीण शिवाजी कांबले व तामराज के घरों पर उनके वारंट तामील कराने के लिए रवाना होगी। उधर, अखिल गुप्ता के पिता नरेश कुमार ने बुधवार दोपहर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह से मिलकर फरार हत्यारोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी किए जाने की मांग की है।