बुढ़ाना में कई दुकानों के ताले तोड़े
बुढ़ाना। शनिवार की देर रात के समय चोरों ने दुस्साहस करते हुए पुलिस गश्त को चुनौती दे डाली। चोरों ने कस्बे की आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़कर अंदर से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी व अन्य सामान चुरा लिया। चोरी की इन घटनाओं से कस्बे के दुकानदारों में दहशत फैली है।
देर रात के समय चोरों ने कस्बे के व्यस्त चरणसिंह तिराहे पर स्थित रामकुुमार की गुरु कृपा कंफेक्शनरी की दुुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर गल्ले से करीब 6300 रुपये की नकदी व 25 हजार रुपये कीमत का सामान चुरा लिया। चोरों ने थोड़ी दूरी पर स्थित गुलशन किराना स्टोर के ताले तोड़ डाले। चोर इस दुकान के अंदर घुसने में असमर्थ रहे। चोरों के गिरोह ने कस्बा निवासी बालेंद्र की न्यूपाल फर्टिलाइजर की दुकान के ताले तोड़ डाले। चोरों ने दुकान के अंदर रखे गल्ले से 16,500 रुपये की नकदी चुरा ली। कांधला रोड पर ही स्थित चोरों के गिरोह ने इंतजार की कपडे़ की दुकान के ताले तोड़ डाले। यह भी गुप्त ताले लगे होने के कारण बदमाश दुुकान के अंदर घुसने असमर्थ रहे। बदमाशों का यह गिरोह कांधला रोड से दूसरी तरफ भारत सिनेमा चंधेड़ी रोड पर पहुंच गया। चोरों ने कस्बा निवासी प्रशांत के मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर गल्ले में रखी एक लाख 25 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। प्रशांत के भाई विनोद ने बताया कि यह नकदी होल सैलर को देने के लिए गल्ले में रखी गई थी। बदमाशों ने इसी मेडिकल स्टोर के बराबर में संजय मेडिकल स्टोर को भी अपना निशाना बनाया। चोरों ने मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर गल्ले में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। दुकानदारों ने बताया कि इस स्थान पर रात के समय पुलिस पिकेट रहती है। प्रशांत मेडिकल स्टोर पर हुई चोरी की घटना की जानकारी देर रात में ही प्रशांत को मिली तो उसने यूपी 100 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने चोरों की तलाश में कस्बे की सभी सड़कों पर सर्च अभियान चलाया। चोरों का कुछ पता नही चला। कस्बे में हुई चोरी की इन घटनाओं से दुकानदारों में दहशत फैली है। चोरी की घटनाओं मे कस्बे में पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दी है। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी कैमरे में बदमाश कैद है। उसके आधार पर जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।