ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ गैंगरेप
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गांव छोड़ने के लिए बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने तीन युवकों ने ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ गैंगरेप किया। युवती के शोर मचाने पर युवक एकत्र हो गए। इस पर पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। देर रात को बुढ़ाना पुलिस ने पीड़िता की ओर से तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फुगाना थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती के साथ शनिवार शाम यह वारदात हुई। पीड़िता गांव में ही ब्यूटी पार्लर चलाती है। शनिवार शाम वह बुढ़ाना के बाजार में ब्यूटी पार्लर के लिए सामान खरीदने आई थी। बाजार में गांव के दो युवक मिले, उसके साथ अन्य बाइक पर वैली गांव का उनका साथी भी था। आरोप है कि युवकों ने युवती से कहा कि शाम हो गई है, वो भी गांव जा रहे हैं। हम तुम्हें गांव छोड़ देंगे। युवकों ने युवती को लिफ्ट दे दी। उसका साथी भी अन्य बाइक पर उनके साथ चल दिया। आरोप है कि बुढ़ाना से आगे मेरठ-करनाल हाईवे के पास युवकों ने बाइक रोक दी और युवती को ईंख के खेत में खींच कर ले गए, जहां पर युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। युवती के शोर मचाने पर वहां पर शाम को दौड़ लगा रहे युवक शोर सुन कर उधर आ गए। इस पर आरोपी तीनों युवकों ने दौड़ लगाने वाले युवकों को भी धमकाया और युवती को भी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद, युवती ने अपने परिजनों को खबर दी। देर रात को परिजन पीड़िता को लेकर बुढ़ाना कोतवाली पहुंचे और दो युवकों के नामजद और उनके एक साथी के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी। बुढ़ाना कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम जयभगवान यादव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तीन युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की तलाश की जा रही है। पीड़िता को डॉक्टरी के लिए भेजा गया है।