मुजफ्फरनगर। गांधीनगर स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़े युवक को तेज रफ्तार डीसीएम ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। भोपा क्षेत्र के गांव सीकरी निवासी जगबीर ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा गोविंद शहर के गांधीनगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार की रात वह फैक्ट्री के बाहर खड़ा हुआ था। इसी समय एक तेज रफ्तार डीसीएम ने गोविंद को चपेट में लेकर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डीसीएम लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
मारपीट की शिकायत करने गई महिलाओं को धुना
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की सैफी कॉलोनी निवासी मेहराज ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार सुबह उसका ढाई साल का बेटा पास ही स्थित दुकान पर सामान लेने गया था। वहां दुकान मालिक के बेटे ने अकारण ही बच्चे को पीट दिया। रोते हुए बच्चे ने जब घर पहुंचकर मारपीट की बात बताई तो मेहराज और रईसा दुकानदार के पास उसके बेटे की शिकायत लेकर पहुंच गईं। आरोप है कि दुकानदार ने परिजनों के साथ मिलकर दोनों महिलाओं के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। महिलाओं ने थाने पहुंचकर आरोपी दुकानदार व उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने दोनों महिलाओं का मेडिकल कराते हुए जांच शुरू कर दी है।