रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)।
गांव रामपुर में लापता ग्रामीण की कमर में गोली मारकर हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो गई है। पुलिस ने इस हत्याकांड में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
रतनपुरी के गांव रामपुर निवासी लापता सुनील सैनी पुत्र सतपाल की बुधवार रात कमर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने के बाद हत्यारों ने शव को ट्यूबवेल की हौज में डाल दिया था। बृहस्पतिवार सुबह शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्यारों ने मृतक के दोनों हाथों में बिजली के तार का टुकड़ा लपेट दिया था। जिससे पुलिस को लगे कि सुनील की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। शव मिलने पर पुलिस भी सुनील की हत्या होना न मानकर हादसा मानकर जांच-पड़ताल कर रही थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर सुनील की गोली मारकर हत्या करने की पुष्टि हो गई। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करने को लेकर गांव के दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने थाने पहुंचकर हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। रतनपुरी इंस्पेक्टर गिरीश चंद्र त्यागी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि हत्या गोली मारकर की गई है। शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारोपियों को जेल भेज दिया जाएगा।