चरथावल (मुजफ्फरनगर)। थाना पुलिस ने निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के दो उम्मीदवार समेत पांच के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन लोगों ने सरकारी संपत्ति पर चुनाव प्रचार सामग्री चस्पा की थी।
बुधवार को थाना प्रभारी जीसी शर्मा ने कस्बे के विभिन्न वार्डों में घूमकर सरकारी खंभों और दीवारों पर पोस्टर एवं अन्य चुनाव सामग्री चस्पा किए जाने की फोटोग्राफी कराई। उसके बाद दरोगा राजकुमार सिंह ने तीरगरान मोहल्ले में खंभों पर निर्दलीय अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनीता रानी का पोस्टर लगा पाया गया। बसपा प्रत्याशी सदाकत अली के मुर्दापट्टी में खंभों और ब्लॉक कार्यालय की दीवारों पर पोस्टर लगे पाए गए। वहीं सदस्य पद के सपा उम्मीदवार मौ राशिद, तीरगरान वार्ड के सदस्य पद के प्रत्याशी रजनेश, ममता पत्नी परमेश और काजल पत्नी विजय के खिलाफ भी खंभों पर पोस्टर लगे मिले। दरोगा ने सभी प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी प्रत्याशी अथवा व्यक्ति को आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा। मतदान तक निरीक्षण का अभियान जारी रहेगा।